अप्रिय दुर्घटना से कैसे बचे, बिजली कर्मियों को दिया प्रशिक्षण
अधिशासी अभियंता का बकाया वसूली पर भी जोर
बिल्सी। कार्य करते समय किसी अनहोनी दुर्घटना से बचने के लिए अधिशासी अभियंता नागेंद्र सिंह ने बुधवार को स्थानीय विद्युत उपकेंद्र पर कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को बहुत ही सचेत होकर बिजली लाइनों पर काम करना चाहिए क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही कभी-कभी बड़ी दुर्घटना का कारण बन जाती है। उन दुर्घटनाओं से बचने के लिए अधिशासी अभियंता ने कई महत्वपूर्ण जानकारी दी। इसके अलावा शासन के निर्देश पर कर्मचारियों को बकाया वसूली के भी निर्देश दिए।
प्रशिक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता नागेंद्र सिंह ने कहा कि अक्सर मानसून के समय बिजली कर्मचारी लाइनों पर काम करते समय लापरवाही हो जाने पर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। जरूरी है कि हमें बेहद सावधानी पूर्वक काम करना चाहिए। इसके लिए हमें समय-समय पर दिए जाने वाले निर्देशों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो भी कर्मचारी लाइनों पर काम करते हैं शटडाउन लेकर कार्य करना चाहिए। कभी-कभी हमारी दुर्घटना का कारण बन जाती है। उन्होंने कर्मचारियों से भी कई जानकारियां ली और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सवाल किए। श्री सिंह ने कहा कि बरसात के दिनों में कर्मचारियों को खास सावधानी बरतनी होती है। देखा गया है कि बरसात में लाइन गीली होने के कारण दुर्घटना हो जाती है। उन्होंने शटडाउन लेना और वापस करना यह पूरी पारदर्शिता के साथ होना चाहिए। इसके साथ हेलमेट लगाने, सेफ्टी बेल्ट का प्रयोग करने तथा एचटी लाइन और एलटी लाइन को ठीक करते वक्त पूरी सावधानी बरतने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कर्मचारियों से बकाया वसूली के बारे में भी जानकारी ली और निर्देश दिए कि जितने भी बड़े उपभोक्ता हैं उनसे राजस्व की वसूली की जाए, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। अधिशासी अभियंता ने उपकेंद्र का निरीक्षण भी किया। इस दौरान अवर अभियंता दिनेश कुमार सिंह के अलावा अन्य सभी कर्मचारी मौजूद रहे।