*गणित के विभागाध्यक्ष डॉ नीरज की हुई विदाई*
आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय बदायूं में गणित के विभागाध्यक्ष डॉ नीरज कुमार का मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत स्थापित नए राजकीय महाविद्यालय को संचालित करने के लिए हुए स्थानांतरण के पश्चात समारोह आयोजित कर विदाई की गई। डॉ नीरज कुमार 12 अगस्त 2008 से अब तक राजकीय महाविद्यालय आवास विकास में गणित विषय का कुशलतापूर्वक अध्यापन कार्य करते हुए राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के अध्ययन केंद्र के समन्वयक एवं रोवर लीडर के रूप में भी अपनी सेवा दे रहे थे। इनकी कार्यकुशलता और योग्यता का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश शासन ने मथुरा जनपद के गोवर्धन में नवस्थापित राजकीय महाविद्यालय को संचालित करने के लिए स्थानांतरण कर दिया।
विदाई समारोह की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ श्रद्धा गुप्ता ने किया। प्राचार्या ने कहा कि डॉ नीरज कुमार बहिर्मुखी प्रतिभा के धनी हैं। कॉलेज में विश्वविद्यालय या शासन प्रशासन द्वारा आयोजित किसी भी प्रकार की परीक्षा हो उसे संपन्न करने में इनकी अहम भूमिका होती थी। डॉ नीरज के स्थान पर स्थानांतरित होकर आए गणित विभागाध्यक्ष डॉ अनिल कुमार ने डॉ नीरज को शाल ओढ़ा कर एवं माल्यार्पण का सम्मानित किया। गणित के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ सचिन कुमार राघव ने कहा कि नीरज सर अपने विषय के अतिरिक्त वाणिज्य विषय के बैंकिंग, अकाउंट, ऋण ,आयकर आदि के विशेषज्ञ हैं एवं किसी भी प्रकार की गतिविधि के आर्थिक प्रबंधन करने में निपुण हैं। महाविद्यालय में इनकी कमी की अनुभूति सभी को होती रहेगी।
कार्यालय प्रभारी प्रमोद शर्मा ने कहा कि डॉ नीरज कुमार शैक्षिक गतिविधियों के अतिरिक्त कार्यालय संबंधी कार्यों में भी सच्चे मन से सहयोग करते थे। रेंजर लीडर डॉ सरिता यादव ने कहा कि डॉ नीरज कुमार महाविद्यालय के प्रथम प्रशिक्षित रोवर लीडर के रूप में अब तक हजारों छात्रों को स्काउटिंग में निपुण कर संकटकाल में जीवन जीने की कला सिखाई है जिसके लिए युवाशक्ति हमेशा इनको याद रखेगी।
कार्यक्रम का संचालन हिंदी के विभागाध्यक्ष डॉ रविंद्र सिंह यादव ने किया। इस अवसर पर डॉ हुकुम सिंह, डॉ सतीश सिंह यादव, डॉ संजय कुमार, डॉ प्रेमचंद चौधरी, डॉ जुनेद आलम, डॉ गौरव कुमार सिंह, डॉ प्रियंका सिंह राघव, संजीव शाक्य, वीर बहादुर सिंह आदि ने उनके साथ बिताए हुए पलों को याद किया तथा हुए नम आँखों से उन्हें विदा किया।
Budaun Amarprabhat