कचहरी परिसर में बुजुर्ग वादी पर दबंगों का हमला, इलाज के दौरान मौत – एक आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार
सहसवान (बदायूँ):
कचहरी परिसर में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मुकदमे की पैरवी करने आए एक बुजुर्ग वादी पर दबंगों ने हमला बोल दिया। घटना के दौरान वकीलों और पुलिसकर्मियों ने मिलकर एक आरोपी को मौके से पकड़ लिया, जबकि तीन आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। घायल बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जरीफनगर थाना क्षेत्र के गाँव जतकी निवासी मोहम्मद मियां (60 वर्ष) अपने मुकदमे अपराध संख्या 524/24, मुकदमा संख्या 188/25 में पैरवी के लिए गुरुवार दोपहर लगभग 12 बजे न्यायालय परिसर सहसवान पहुँचे थे। तभी सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गाँव बाजपुर निवासी गुलसबाब, शादाब, अल्ताफ और फिरोज पुत्रगण शाकिर लाठी-डंडों से लैस होकर कचहरी परिसर में घुसे और मोहम्मद मियां पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद वकीलों ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि तीन आरोपी भाग निकले। घायल मोहम्मद मियां को तत्काल इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस का पक्ष
इस संबंध में सहसवान कोतवाली प्रभारी राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर प्राप्त हुई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता डाo राशिद अली खान सहसवान बदायूं
—
Budaun Amarprabhat