संवाद दाता…. काजल मिश्रा सहयोग संस्था ने श्रमदान से संविलियन विद्यालय को बनाया स्वच्छ और हरा-भरा
शाहजहांपुर। जनपद की समाजसेवी संस्था सहयोग संस्था ने ग्राम पंचायत भटपुरा रसूलपुर स्थित संविलियन विद्यालय में श्रमदान व पौधारोपण कर स्वच्छता का संदेश दिया। संस्था के पदाधिकारियों और विद्यालय के बच्चों ने मिलकर पूरे प्रांगण की सफाई की और हरियाली के लिए पौधे लगाए।
इस अवसर पर संस्था के संरक्षक अनिल गुप्ता प्रधान और शाहनवाज खा एडवोकेट ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रतिदिन थोड़ा-थोड़ा श्रमदान करने से शरीर चुस्त-दुरुस्त रहता है और स्वच्छता हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। जहां गंदगी होती है, वहीं बीमारियां जन्म लेती हैं।
संस्था के महासचिव विकास सक्सेना ने बच्चों को जीवन के लिए प्रेरणादायी संदेश देते हुए कहा कि हमें हमेशा अच्छे कार्य करते रहना चाहिए। जलधारा की तरह चलते रहो, क्योंकि उसमें आई गंदगी अपने आप किनारे लग जाती है, लेकिन धारा रुकती नहीं।
संस्था के विधिक सलाहकार एडवोकेट शफीकुद्दीन अंसारी ने भी श्रमदान, स्वच्छता और पौधों के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं संस्था की पदाधिकारी ममता यादव और संगीता गुप्ता ने जेपी पब्लिक स्कूल के 150 बच्चों को जामुन के पौधे वितरित कर घर पर पौधारोपण का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में पहुंचे सभी पदाधिकारियों का विद्यालय के प्रधानाचार्य हरिश्चंद्र, शिक्षक मशकूर, अभिषेक सिंह, हुमा, मीनाक्षी मिश्रा, सत्य प्रकाश आदि ने स्वागत किया।
Budaun Amarprabhat