बदायूँ, 14 नवंबर। मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आहूत बैठक में जनपद के विकास कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में 50 लाख रुपए से अधिक एवं कम के निर्माण कार्यों को गुणवत्तापरक और समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बिना सूचित अनुपस्थिति पर कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के प्रोजेक्ट मैनेजर और उत्तर प्रदेश जल निगम नगरीय के अधिशासी अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नोटिस की प्रतिलिपि उनके मैनेजिंग डायरेक्टर को भेजने का भी निर्देश दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड पर आधारित जिला अनुश्रवण पुस्तिका की समीक्षा करते हुए बताया कि अक्टूबर 2025 तक जनपद को विकास कार्यों में प्रदेश स्तर पर 14वीं रैंक, राजस्व कार्यों में 12वीं रैंक और विकास व राजस्व मिलाकर कंपोजिट में आठवीं रैंक प्राप्त हुई है। जिले के 59 कार्यक्रम ‘ए’ श्रेणी, 07 कार्यक्रम ‘बी’ श्रेणी, 04 कार्यक्रम ‘सी’ श्रेणी और 03 कार्यक्रम ‘डी’ श्रेणी में स्थानित हैं।
सीडीओ ने अधिकारियों को अपने-अपने विभागों के निर्माण एवं अन्य कार्यों का नियमित निरीक्षण और अनुश्रवण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि धनराशि के अभाव में कोई निर्माण कार्य अधूरा नहीं रहेगा और संबंधित विभागीय अधिकारी शासन से आवश्यक धनराशि का आवंटन कर कार्य समय पर पूर्ण कराएँ।
बैठक में यह भी पाया गया कि संस्कृति विभाग के दो कार्य अनारम्भ हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागीय व कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को शासन से समन्वय कर कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग के दो अपूर्ण कार्यों की गलत सूचना देने पर सीडीओ ने नाराजगी व्यक्त की और कहा कि अपूर्ण कार्य की झूठी पूर्णता सूचना देने पर कड़ी कार्रवाई होगी।
सीडीओ ने आगामी 25 नवंबर 2025 को आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना कार्यक्रम की तैयारियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जोड़े पर कुल एक लाख रुपए व्यय किए जाएंगे, जिसमें 60 हजार रुपए कन्या के बैंक खाते में, 25 हजार रुपए कन्या और वर के लिए सामग्री पर और 15 हजार रुपए आयोजन पर खर्च होंगे। अधिकारियों को जोड़ों की बायोमैट्रिक अटेंडेंस कराने और ऑनलाइन आवेदनों की सही जांच करने के निर्देश दिए गए। जनपद को इस योजना के तहत 784 जोड़े का लक्ष्य मिला है, जबकि 1409 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat