
संवाददाता: गोविंद देवल | बदायूं
जिला गंगा समिति बदायूं एवं सामाजिक वानिकी प्रभाग बदायूं के संयुक्त तत्वावधान में माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर भागीरथी गंगा घाट कछला पर गंगा संरक्षण एवं जन-जागरूकता को लेकर गंगा महाआरती एवं दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसकेएलएम पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला वन अधिकारी निधि चौहान एवं पूर्व डीसीबी अध्यक्ष उमेश राठौर ने मां गंगा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद अतिथियों ने बच्चों द्वारा बनाई गई गंगा संरक्षण विषयक रंगोलियों का निरीक्षण किया और उनकी सराहना की।
नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफल रहे छात्र-छात्राओं को जिला वन अधिकारी निधि चौहान एवं जिला परियोजना अधिकारी अनुज प्रताप सिंह द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत जिला परियोजना अधिकारी अनुज प्रताप सिंह एवं एसकेएलएम पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर पीडी सिंह द्वारा पटका पहनाकर किया गया।
इस अवसर पर जिला वन अधिकारी निधि चौहान ने कहा कि ऐसे आयोजन लगातार होते रहने चाहिए, जिससे गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाने के प्रयासों में और तेजी लाई जा सके। एसकेएलएम पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर पीडी सिंह ने कहा कि छात्र-छात्राओं को इस तरह के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए, ताकि बच्चों के माध्यम से गांव-गांव तक स्वच्छता और गंगा संरक्षण का संदेश पहुंच सके।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रजनी शर्मा ने कहा कि किसी भी मिशन को आगे बढ़ाने में छात्र-छात्राओं की भूमिका अहम होती है। यदि बच्चों को जागरूक किया जाए तो जागरूकता अभियान और अधिक प्रभावी बन सकता है।
इस मौके पर एमडी डॉ. निधि सिंह, कोऑर्डिनेटर उपदेश कुमार, वीना सिंह, रंजीत सिंह, कमलेश कुमारी, अनम सैफी, शिवि चौहान, अजय प्रताप, सपना माहौर, शानू सिंह, शालू शंखधार, वीना कुमारी, कंचन तोमर, शिल्पी सहित अन्य गणमान्य लोग एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat