संवाददाता आई एम खान
बिसौली। रामशरण वैद्य आदर्श इंटर कॉलेज मई-बसई में इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विदाई समारोह के अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। गीत, नृत्य और प्रेरणादायक वक्तव्यों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने अपने सीनियर्स के सम्मान में कार्यक्रम का सफल आयोजन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने मंच से अपने विद्यालय जीवन की स्मृतियां साझा कीं और शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. घनश्याम दास ने अपने संबोधन में कहा कि विदाई समारोह अंत नहीं, बल्कि सुनहरे कल की ओर बढ़ने का पहला कदम है।
वरिष्ठ प्रवक्ता प्रकाश वीर ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों से सोशल मीडिया से दूरी बनाकर मन लगाकर पढ़ाई करने की अपील की।
कार्यक्रम में रामाधार शर्मा, सुधाकर शर्मा, मनोज कुमार, आनंद सिंह, विपिन शर्मा, अंकित सिंह, रऊफ अहमद, विषवेश पाठक, रेनू कुमारी, शिवानी, साक्षी, अमित पाराशरी, आशीष सहित समस्त स्टाफ ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मंच संचालन कक्षा 11 की छात्रा आध्या शर्मा ने किया। विदाई समारोह विद्यालय परिवार के लिए एक भावनात्मक एवं अविस्मरणीय क्षण बन गया।
Budaun Amarprabhat