बिसौली। एसडीबी पब्लिक स्कूल में सोमवार को श्री योग वेदांत सेवा समिति, उझानी (बदायूँ) के तत्वावधान में मातृ-पितृ दिवस बड़े ही श्रद्धा, सम्मान और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समिति के प्रमुख सदस्य राजेश आहूजा, गीता बब्बर, रीना यादव और आश्रम संचालक चुन्नी लाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
विद्यालय प्रशासनिक अधिकारी यशपाल सिंह परमार के सहयोग से कार्यक्रम अत्यंत संगठित और मनोहारी रहा। विद्यालय के निदेशक अखिलेश वार्ष्णेय ने सभी अतिथियों और अभिभावकों को मातृ-पितृ दिवस की शुभकामनाएँ दी और समिति के सदस्यों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के भावपूर्ण आयोजन को देखते हुए आगामी वर्ष इसे और भी भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर कक्षा 2 से 5 तक के विद्यार्थियों ने माता-पिता का पूजन विधिपूर्वक किया। बच्चों ने तिलक लगाकर पुष्पांजलि अर्पित की, दीप प्रज्ज्वलित कर आरती उतारी, मिठाई खिलाई और माता-पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही जीवनभर आज्ञाकारी और संस्कारी बने रहने का संकल्प लिया। माता-पिता इस स्नेहिल दृश्य से भाव-विभोर हो उठे और बच्चों को गोद में लेकर प्रेमपूर्वक आशीर्वाद दिया।
पूरा ऑडिटोरियम प्रेम, कृतज्ञता और संस्कारों की भावना से ओत-प्रोत था। कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्या शारदा बावेजा, समन्वयक श्वेता शर्मा, कक्षा अध्यापिकाएँ पूजा सिंह, गायत्री मिश्रा, प्रिया सिंह, अनमोल सिंह सहित सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में निदेशक अखिलेश वार्ष्णेय ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे सदैव सही मार्ग पर चलें, उच्च चरित्र का निर्माण करें और माता-पिता, गुरुजनों तथा सभी बड़ों के आदर्शों का अनुसरण करें। उन्होंने बच्चों को अपने संस्कारों और सभ्यता के अनुरूप आचरण करने के लिए प्रेरित किया।
इस प्रकार, मातृ-पितृ दिवस के इस आयोजन ने न केवल बच्चों के हृदय में माता-पिता के प्रति सम्मान और स्नेह बढ़ाया, बल्कि सभी उपस्थित लोगों के लिए एक संवेदनशील और संस्कारित अनुभव भी प्रस्तुत किया।
Budaun Amarprabhat