Breaking News

बदायूँ: केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा व प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने विकास कार्यों की समीक्षा की, जनप्रतिनिधियों को निर्देशित किया

Spread the love

संवाददाता: गोविंद देवल, बदायूँ
बदायूँ। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा और जनपद की प्रभारी राज्य मंत्री गुलाब देवी ने बुधवार को एनआईसी सभागार में सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता और संबंधित अधिकारियों के साथ जनपदीय विकास कार्यों की सीएम डैशबोर्ड पर प्रगति की समीक्षा की।
बैठक से पूर्व, जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए रोडमैप तैयार करने और उसे सफलतापूर्वक संपादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे जनप्रतिनिधियों के फोन कॉल का समय पर जवाब दें।
प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने अधिकारियों को पूर्ण मनोयोग से धरातल पर काम करने और शिकायतों की पुनरावृत्ति रोकने का निर्देश दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि अधिकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए जनप्रतिनिधियों का मार्गदर्शन लें और आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार ने बताया कि जनवरी 2026 में जनपद ने विकास कार्यों में 36वीं, राजस्व कार्यों में 21वीं और विकास व राजस्व कार्यों की संयुक्त रैंक में 28वीं रैंक प्राप्त की। कुल 85 कार्यक्रमों में 65 को ‘ए’ रैंक, 5 को ‘बी’, 3 को ‘सी’ और 4 को ‘डी’ रैंकिंग मिली। 8 ऐसे कार्यक्रम हैं जिनमें रैंकिंग नहीं होती या जनपद में लागू नहीं हैं।
बी, सी और डी श्रेणी प्राप्त विभागों में लोक शिकायत, पिछड़ा वर्ग (शादी अनुदान योजना), नियोजन विभाग (फैमिली आईडी), कृषि, अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान), पिछड़ा वर्ग (दश्मोत्तर छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति योजना), पंचायती राज, महिला एवं बाल विकास तथा ग्राम्य विकास शामिल हैं। संबंधित अधिकारियों को इन विभागों में सुधार के निर्देश दिए गए।
बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों को खराब ट्रांसफार्मर निर्धारित समयसीमा में बदलवाने के निर्देश दिए गए। अधीक्षण अभियंता विद्युत ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति के लिए 52 फीडरों को अलग किया जा रहा है, जिनमें 39 उच्चीकृत किए जा चुके हैं और शेष 15 मार्च 2026 तक पूर्ण कर लिए जाएंगे।
बैठक में जल जीवन मिशन ग्रामीण, निराश्रित गौवंश संरक्षण, उद्योग विभाग, विभिन्न बैंकों के सहयोग से योजनाओं के क्रियान्वयन और स्वास्थ्य विभाग की रैंकिंग समेत अन्य कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई। गत 12 जनवरी को हुई जिला प्रशासनिक समन्वय समिति और विकास कार्यों की बैठक की अनुपालन आख्या भी जनप्रतिनिधियों को प्रस्तुत की गई।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव शर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 रामेश्वर मिश्र, सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चन्दोला सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान के अंतर्गत “पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन” विषय पर निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन

Spread the love बरेली 29 मई, 2026ः रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार एवं मंडल रेल प्रबंधक, …

error: Content is protected !!