छात्र-छात्राओं को दिलाई गई पद एवं गोपनीयता की शपथ
दातागंज। नगर के शिशु भारती एवं बाल विद्या भारती विद्यालय में सोमवार को शिशु संसद एवं बाल संसद का शपथ ग्रहण समारोह धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न पदों पर चयनित छात्र-छात्राओं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य मुकेश चन्द्र शर्मा, मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख अतेन्द्र विक्रम सिंह, प्रबंधक रामौतार गुप्ता तथा अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने मां शारदा के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया।
शिशु संसद के गठन में अविरल गुप्ता को अध्यक्ष, पूर्वी सैनी को मंत्री तथा सृष्टि अग्रवाल और रुद्रांश गुप्ता को सेनापति चुना गया। वहीं बाल संसद में प्रतीक कुमार को राष्ट्रपति, कृतिका शंखधार को उपराष्ट्रपति और स्नेहा यादव को प्रधानमंत्री बनाया गया। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख अतेन्द्र विक्रम सिंह ने सभी छात्र-छात्राओं को उनके पद एवं दायित्वों की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर अतेन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य बच्चों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करना है। प्रधानाचार्य मुकेश चन्द्र शर्मा ने छात्र-छात्राओं को अपने दायित्वों का निष्ठा के साथ निर्वहन करने की प्रेरणा दी।
अंत में मुख्य आचार्य ज्ञानेन्द्र पाल सिंह ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तहसील प्रचारक पवन जी भारत, कोषाध्यक्ष पल्लव गुप्ता सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
Budaun Amarprabhat