Breaking News

अनाथ बच्चों की सुरक्षा और देखभाल पर प्रशासन सख्त, दत्तक ग्रहण इकाइयों का ADM ने किया निरीक्षण

Spread the love

अनाथ बच्चों की सुरक्षा और देखभाल पर प्रशासन सख्त, दत्तक ग्रहण इकाइयों का ADM ने किया निरीक्षण

CCTV लगाने और रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने के निर्देश, बच्चों के स्वास्थ्य व व्यवस्थाओं का लिया जायजा

संवाददाता : गोविंद देवल

बदायूं। जिला निरीक्षण समिति ने शुक्रवार को महिला कल्याण विभाग से संचालित राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण तथा स्वैच्छिक संस्था दलित ग्रामीण विकास संस्थान द्वारा संचालित विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण इकाई का निरीक्षण किया। निरीक्षण अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार की अध्यक्षता में किया गया।

समिति ने शहर के मोहल्ला नकपुर गली नंबर-1 स्थित विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण इकाई और महिला अस्पताल में संचालित राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण में रह रहे अनाथ बच्चों की देखभाल, खानपान, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

संस्था के सचिव अनूप सक्सेना ने समिति को बताया कि वर्तमान में संस्था में चार बच्चे रह रहे हैं। सभी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा चुका है और सभी स्वस्थ हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों की वैधानिक प्रक्रिया जारी है तथा दो बच्चों को दत्तक दिया जा चुका है। वहीं राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण के प्रबंधक समन्वयक ने बताया कि वहां दो बच्चे रह रहे हैं, जिनका स्वास्थ्य सामान्य पाया गया है तथा एक बच्चे की कानूनी प्रक्रिया चल रही है।

निरीक्षण के दौरान ADM प्रशासन अरुण कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संस्थानों में CCTV कैमरे लगाए जाएं, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा आने-जाने वाले सभी व्यक्तियों का पूरा विवरण पंजिका में दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े शासनादेशों और निर्धारित मानकों से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।

उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी संबंधित दस्तावेज सुव्यवस्थित रखे जाएं और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

निरीक्षण के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मोहम्मद तहसीन, उप निरीक्षक इंद्रपाल सिंह, क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट सर्वेश दास, जिला कार्यक्रम अधिकारी राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, किशोर न्याय बोर्ड सदस्य प्रमिला गुप्ता, बाल कल्याण समिति सदस्य सविता मालपाणी, संरक्षण अधिकारी प्रीति कौशल, रवि कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

जर्जर सड़क पर पलटा स्कूली बच्चों से भरा ई-रिक्शा, कई बच्चे घायल

Spread the love कादरचौक (बदायूं)। विकासखंड कादरचौक क्षेत्र के ग्राम ककोड़ा के पास जर्जर सड़क …

error: Content is protected !!