बिसौली पुलिस की मानवता मिसाल बनी
संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूं। थाना बिसौली पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए मानसिक रूप से कमजोर मिले एक बुजुर्ग व्यक्ति को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर मानवता की मिसाल पेश की है। पुलिस के इस कार्य की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार 24 मई की रात डायल 112 पर सूचना मिली कि थाना बिसौली क्षेत्र के ग्राम अम्बियापुर जंगल में करीब 80 वर्षीय एक बुजुर्ग व्यक्ति भटकते हुए मिले हैं, जो मानसिक रूप से कमजोर प्रतीत हो रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने बुजुर्ग से नाम-पता पूछने का प्रयास किया, जिस पर उन्होंने अपना नाम मदनलाल बताया, लेकिन अन्य जानकारी देने में असमर्थ रहे।
इसके बाद पुलिस ने सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से बुजुर्ग की फोटो प्रसारित कर परिजनों की तलाश शुरू की। पुलिस के अथक प्रयासों के बाद बुजुर्ग के बेटे विनीत थाना बिसौली पहुंचे और अपने पिता की पहचान की।
परिजनों ने बताया कि मदनलाल 22 मई को बरेली स्थित अपने दूसरे बेटे के घर से बिना बताए कहीं चले गए थे, जिसके बाद परिवार उनकी तलाश कर रहा था। सोशल मीडिया के जरिए सूचना मिलने पर परिवार को उनके थाना बिसौली में होने की जानकारी मिली।
थाना बिसौली पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर बुजुर्ग मदनलाल को उनके पुत्र के सुपुर्द कर दिया। अपने पिता को सुरक्षित पाकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताते हुए प्रशंसा की।
Budaun Amarprabhat