
बदायूं। जिलाधिकारी अवनीश राय ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 1 से 31 जुलाई तक संचालित होने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।
कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि 11 जुलाई से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को माइक्रो प्लान तैयार कर स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि अभियान को सफलतापूर्वक संचालित किया जा सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने ब्लॉक स्तर पर नोडल अध्यापकों, स्थानीय निकायों, ग्राम प्रधानों तथा ग्राम विकास अधिकारियों के संवेदीकरण संबंधी कार्य समय से पूर्ण कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभियान से जुड़ी सभी बैठकों और तैयारियों को निर्धारित समय में पूरा किया जाए।
जिलाधिकारी ने 28 जून से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान की समीक्षा करते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि पल्स पोलियो दिवस पर सभी प्राथमिक विद्यालय खुले रहें तथा बूथों का उद्घाटन संबंधित ग्राम प्रधानों से कराया जाए।
उन्होंने जिला महिला चिकित्सालय के सहयोग से चिकित्सकों का ड्यूटी रोस्टर तैयार कर ब्लॉक स्तर पर महिला नसबंदी शिविर आयोजित कराने के निर्देश भी दिए।
जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) के तहत कम भुगतान वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों इस्लामनगर, उझानी, दहगवां, उसावां, आसफपुर, जगत एवं समरेर की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अगले माह होने वाली जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक तक 95 प्रतिशत से अधिक भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने के लिए राशन डीलरों और पंचायत भवनों पर विशेष अभियान चलाकर माइक्रो प्लान के अनुसार टीमें गठित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला चिकित्सालय, जिला महिला चिकित्सालय तथा सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का एनक्यूएएस (NQAS) प्रमाणन कराने पर भी जोर दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, अपर एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नोडल अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।
Budaun Amarprabhat