Breaking News

गुमशुदगी का राज खुला: विवाहिता की हत्या के आरोप में पति समेत तीन गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किए अहम साक्ष्य

Spread the love

बदायूं। बिसौली थाना पुलिस ने गुमशुदा विवाहिता की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए उसके पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त गमछा, फावड़ा, तसला, बाल्टी, एक मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और अन्य अहम साक्ष्य बरामद किए हैं। मामले में विवेचना के दौरान भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।

पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई को राजवीर सिंह यादव निवासी रसूलपुर पुट्ठी ने अपनी पुत्री के 1/2 जून की रात से लापता होने की सूचना थाना बिसौली में दर्ज कराई थी। जांच के दौरान गुमशुदगी का मामला हत्या में तब्दील हो गया और पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर कई लोगों को नामजद किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि 1/2 जून की रात कथित रूप से पति जय सिंह यादव, उसके भाई और अन्य सहयोगियों ने महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के आंगन में बने गड्ढे/गटर में छिपा दिया गया। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद मृतका के जेठ चन्द्रपाल ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

इस मामले में पुलिस ने जय सिंह यादव, रामभान यादव और चन्देले यादव उर्फ झब्बड़ को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर टूटी चूड़ियों के टुकड़े, पायल, बिछुए, प्लास्टिक की रस्सी के टुकड़े, मोबाइल फोन, जली हुई लकड़ियां, घटना में प्रयुक्त गमछा, फावड़ा, तसला, बाल्टी तथा एक हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. हृदेश कठेरिया के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

खराब मौसम के चलते बदायूं में 10 और 11 जुलाई को कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल बंद

Spread the loveसंवाददाता गोविन्द देवल बदायूं। मौसम विभाग द्वारा जनपद में तेज बारिश और आकाशीय …

error: Content is protected !!