बदायूँ। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय आह्वान पर बिसौली के व्यापारियों ने विद्युत विभाग की विसंगतियों और दमनकारी नीतियों के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता ‘शोंटू’ के निर्देशानुसार, नगर अध्यक्ष कृष्णावतार शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों ने उप जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में तहसीलदार मोहम्मद हिरेश को मुख्यमंत्री संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।
नगर अध्यक्ष कृष्णावतार शर्मा ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग लगातार नए-नए नियम लाकर उपभोक्ताओं का आर्थिक शोषण कर रहा है। उन्होंने बताया कि 2 किलोवाट तक के कनेक्शन के लिए मीटर की कीमत 750 रुपये से बढ़ाकर 5300 रुपये करना पूरी तरह अनुचित है। साथ ही, बिना किसी नोटिस के 47 लाख उपभोक्ताओं का लोड एकतरफा बढ़ाने के निर्णय को उन्होंने तत्काल निरस्त करने की मांग की है।
विभाग द्वारा मनमाने ढंग से बढ़ाए गए लोड को तुरंत पुराने स्तर पर बहाल किया जाए। नई दरों से मांगी जा रही सिक्योरिटी मनी के नाम पर उपभोक्ताओं पर पड़ने वाले अरबों रुपये के बोझ को तत्काल समाप्त किया जाए। बिजली बिलों में जोड़ा जा रहा 10 प्रतिशत अतिरिक्त ईंधन अधिभार हटाकर उपभोक्ताओं को राहत दी जाए। नगर महिला अध्यक्ष कृष्णा गुप्ता ने कहा कि अघोषित बिजली कटौती से व्यापार और उद्योग ठप हो रहे हैं। उन्होंने निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग की।
नगर उपाध्यक्ष बॉबी गुप्ता ने चेतावनी दी कि यदि बिजली विभाग का यह तानाशाही रवैया नहीं बदला, तो प्रदेश का औद्योगिक विकास ठप हो जाएगा। उन्होंने राज्य की अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए सरकार से व्यापारियों के हित में त्वरित निर्णय लेने का आग्रह किया।
इस अवसर पर कृष्ण अवतार शर्मा, कृष्णा गुप्ता, नरेंद्र दिवाकर, बॉबी गुप्ता, राजेश भारद्वाज और कुंवर पाल मौर्य सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat