गठित की गई जन समस्या निवारण समिति पंकज शर्मा बने अध्यक्ष
बदायूं। आम जनता की समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाने और उनके त्वरित निस्तारण के लिए अखिल भारतीय सनातन बोर्ड ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। इसी क्रम में रविवार, 26 जुलाई 2026 को शाम 6:00 बजे मथुरिया चौक स्थित पंकज शर्मा के आवास पर संगठन की एक अति महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर की तमाम ज्वलंत समस्याओं को लेकर व्यापक चिंतन-मनन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संगठन के पदाधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन और जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए। निष्क्रियता पर रोष: कार्यकारिणी प्रमुख देवदत्त शर्मा ने कहा कि आम जनता से जुड़ी समस्याओं को लेकर जिम्मेदार अधिकारी पूरी तरह संवेदनहीन हो चुके हैं। शिकायतों पर कोई कार्रवाई न होने से जनता में भारी निराशा है।
नीतीश वार्ष्णेय ने नगर में टूटी सड़कों और बारिश के मौसम में हो रहे भारी जलभराव का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका के नए नाले बनवाने और तली झाड़ सफाई के दावे कागजी साबित हो रहे हैं, स्थिति पहले से अधिक गंभीर है।
दीपक सक्सेना ने आगामी सावन माह में शुरू होने वाली कावड़ यात्रा का हवाला देते हुए लालपुल चौराहे से नवादा चौराहे तक सड़क के दोनों ओर फुटपाथ के सड़क से नीचे होने पर चिंता जताई। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है, जिसे देखते हुए फुटपाथ को सड़क के बराबर लाने की माँग की गई।
संगठन प्रवक्ता सत्यनारायण गुप्ता ने 8 घंटे की ड्यूटी के बावजूद सफाई कर्मचारियों द्वारा सुबह केवल एक बार सफाई किए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने शहर के मुख्य चौराहों पर संबंधित वार्ड मेंबर, सफाई निरीक्षक, सफाई मेड और सफाई कर्मियों के नाम व मोबाइल नंबर अंकित बोर्ड लगाए जाने की माँग की।
बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष जितेंद्र साहू ने नगर वासियों की समस्याओं के समाधान हेतु अखिल भारतीय सनातन बोर्ड को आगे आने का आह्वान किया। इसी के तहत “जन समस्या निवारण समिति” के गठन की औपचारिक घोषणा की गई।
बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से पंकज शर्मा को इस समिति का अध्यक्ष घोषित किया गया।
नवागत अध्यक्ष पंकज शर्मा ने पदभार ग्रहण करते हुए विश्वास दिलाया कि यह समिति जनता की समस्याओं को पूरी मजबूती के साथ उठाएगी और उनके समाधान के लिए संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि धरातल पर इसके सकारात्मक परिणाम जल्द ही देखने को मिलेंगे।
बैठक में डॉ. अशोक शर्मा, राकेश साहू, डॉ. सुशील गुप्ता, डॉ. अमर सिंह, विजय रतन सिंह फौजी, एडवोकेट अश्वनी भारद्वाज, एडवोकेट श्याम पाल सिंह, उपेंद्र उपाध्याय, आचार्य दयाराम वेदपति, पंडित सचिन चौहान सहित तमाम पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat