प्राचार्या प्रो. सपना भारती ने छात्रों से अनुशासन और परिश्रम के साथ लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का किया आह्वान
बिसौली। बिसौली स्थित दमयन्ती राज आनंद राजकीय महाविद्यालय में बुधवार को नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर दीक्षारम्भ अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन बेहद हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में स्नातक प्रथम वर्ष और स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले नए छात्र-छात्राओं का पारंपरिक रूप से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. सपना भारती ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए प्राचार्या ने कहा कि महाविद्यालय में उच्च शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनके व्यक्तित्व निर्माण पर विशेष बल दिया जाता है। उन्होंने सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों को अनुशासन, कड़ी मेहनत और अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह समर्पित रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को संस्थान की विभिन्न सुविधाओं और गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी एवं भौतिक विज्ञान की सहायक प्रोफेसर डॉ. मंजूषा ने महाविद्यालय की गौरवशाली उपलब्धियों, आधिकारिक वेबसाइट और संचालित होने वाली विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों से विद्यार्थियों को परिचित कराया। रासेयो कार्यक्रम अधिकारी एवं वाणिज्य संकाय प्रभारी डॉ. मदन मोहन वार्ष्णेय ने पूरे वर्षभर होने वाली शैक्षणिक व पाठ्येतर गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की और छात्र-छात्राओं को उच्च कोटि का अनुशासन बनाए रखने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के एक अन्य महत्वपूर्ण सत्र में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत विश्व हिन्दू परिषद के श्री अरविंद अग्रवाल ने उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को जीवन भर नशा मुक्त रहने और समाज को जागरूक करने की शपथ दिलाई।
पूरे कार्यक्रम का बहुत ही सुंदर एवं प्रभावशाली संचालन अंग्रेजी विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. पारुल रस्तोगी द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के कनिष्ठ सहायक श्री सुमित कुमार सहित समस्त प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat