बदायूं, 8 सितंबर। राजस्थान के गोगामेड़ी बागड़ धाम से बदायूं लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप सोमवार देर रात ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार हो गई। बड़ागांव के पास कैंटर की साइड लगने के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में 13 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 23 श्रद्धालु और कैंटर चालक घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया। गंभीर घायलों को जरूरत के अनुसार अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की जानकारी मिलने पर बदायूं के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मृतकों के घर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। अधिकारियों ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहायता और आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।
जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से घायलों के समुचित उपचार तथा पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। हादसे को लेकर बागपत पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Budaun Amarprabhat