उझानी। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के अंतर्गत महात्मा गांधी पालिका इंटर कॉलेज के कक्षा 10वीं के छात्र यदुवीर और ध्रुव उपाध्याय ने ‘सतत विकास के लिए विज्ञान और नवाचार’ विषय पर नवाचारी पहल की है। गाइड टीचर श्रवण कुमार थरेजा के मार्गदर्शन में छात्रों ने नगर के निकटवर्ती ग्राम बाराचिर्रा और तेहरा के शिव मंदिरों सहित आसपास के देवालयों का भ्रमण किया।
छात्रों ने पुजारियों और श्रद्धालुओं से मंदिर में अर्पित फूलों व पत्तियों के निस्तारण की जानकारी ली। पुजारियों ने बताया कि इन फूल-पत्तियों को फेंक दिया जाता है या जल में प्रवाहित कर दिया जाता है। इस पर छात्रों ने उन्हें जागरूक करते हुए समझाया कि फूलों को इधर-उधर फेंकने या सड़ाने से पर्यावरण दूषित होता है और बीमारियां फैलती हैं।
छात्रों ने समाधान बताते हुए कहा कि इन फूलों को गड्ढे में डालकर जैविक खाद तैयार की जा सकती है अथवा सुखाकर इनसे धूपबत्ती, अगरबत्ती और साबुन जैसे उत्पाद बनाकर अच्छी कमाई भी की जा सकती है। इससे पर्यावरण स्वच्छ रहेगा और अतिरिक्त आय भी होगी। छात्रों की इस वैज्ञानिक सोच से प्रभावित होकर पुजारियों और ग्रामीणों ने मंदिर के फूलों का हमेशा सदुपयोग करने का संकल्प लिया।
Budaun Amarprabhat