बदायूं। थाना सिविल लाइंस पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 79 लाख रुपये की नकदी, करीब 21 लाख रुपये कीमत के जेवरात और घटना में प्रयुक्त हुंडई वर्ना कार बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों की पहचान आरिफ अंसारी पुत्र असगर अंसारी, निवासी इस्लामाबाद, थाना लिसाड़ी गेट, मेरठ और वसीम अंसारी पुत्र निजामुद्दीन, निवासी पूर्वा अब्दुल वाली, थाना कोतवाली, मेरठ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को सर्राफ कारोबारी के वाहन से माल और नकदी लेकर बदायूं आए थे। वापसी के दौरान दास कॉलेज के पास वाहन खड़ा किया गया। आरोप है कि इसी दौरान योजना के तहत वाहन में रखे जेवरात और नकदी निकाल ली गई। घटना पर किसी को संदेह न हो, इसके लिए वाहन का पीछे का शीशा भी तोड़ दिया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की नकदी और जेवरात बरामद किए। बरामद जेवरात में कंगन, कंठी माला और पीली धातु के अन्य टुकड़े शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरिफ के पास से कुल 101.68 ग्राम पीली धातु बरामद हुई, जबकि वसीम के कब्जे तथा वर्ना कार से कुल 79 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई। कार से एक प्लास भी मिला है।
मामले में थाना सिविल लाइंस पर दर्ज मुकदमे में बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) और 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
घटना के सफल खुलासे और बरामदगी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस टीम को उत्साहवर्धन के लिए 25 हजार रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया।
Budaun Amarprabhat