बदायूं। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जनपद बदायूं की जिला कार्यकारिणी ने रविवार को उत्तर प्रदेश सरकार के वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना से मुलाकात कर परिषदीय शिक्षकों की ज्वलंत समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से महासंघ ने मांग की कि विद्यालयों में मिड-डे मील के लिए गैस सिलेंडरों और खाद्यान्न की आपूर्ति सीधे विद्यालय परिसर तक कराई जाए। वर्तमान में शिक्षकों को शिक्षण कार्य छोड़कर गैस एजेंसी या कोटेदार के यहां जाना पड़ता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई बाधित होती है। इसके लिए जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित करने का अनुरोध किया गया।
इसके अतिरिक्त, वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय में महीनों से लंबित शिक्षकों के एरियर भुगतान, खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा सेवा पुस्तिका पूर्ण कर चयन वेतनमान की पत्रावली बीएसए कार्यालय भेजने तथा बीआरसी कार्यालयों में बाहरी व्यक्तियों द्वारा अनाधिकृत रूप से कार्य करने पर रोक लगाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
प्रभारी मंत्री ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर जिला संयोजक दुष्यंत कुमार, जिला सह संयोजक प्रदीप कुमार, सोनी गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी अंकुर कुमार, रीता रानी, सुखविंद्र यादव, सुरेंद्र कुमार सिंह, लखेंद्र सिंह, प्रशांत कुमार, वीरेंद्र पाल, अजब सिंह, राहुल माहेश्वरी, मयंक शर्मा, जयदान सिंह व राजीव कुमार आदि शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat