बदायूं। जनपद में नशा तस्करों और अवैध मादक पदार्थों की बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना दातागंज पुलिस को अहम सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी करते हुए दो नशा तस्करों को लगभग 4 किलो 700 ग्राम अवैध डोडा छिलका के साथ धर दबोचा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं द्वारा नशे के अवैध कारोबार में लिप्त अपराधियों की धरपकड़ हेतु दिए गए कड़े दिशा-निर्देशों के क्रम में, दातागंज पुलिस क्षेत्र में लगातार निगरानी रख रही थी। इसी दौरान उपनिरीक्षक सन्नी चौधरी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम अटसेना क्षेत्र में मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की और ग्राम अटसेना जाने वाले खड़ंजा रास्ते पर सुदेश की ईंट पाथने वाली जगह के पास घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 4 किलो 700 ग्राम अवैध डोडा छिलका बरामद हुआ।
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान शिवम पुत्र साहब सिंह तथा ऋषि उर्फ आजाद पुत्र बृहमानन्द, दोनों निवासी ग्राम अटसेना, थाना दातागंज, जनपद बदायूं के रूप में हुई है।
थाना दातागंज पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध मु0अ0सं0 331/2026 धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। वैधानिक औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप व्याप्त है।
Budaun Amarprabhat