Breaking News

आदित्य यादव ने सिद्ध बाबा धाम में टेका मत्था

Spread the love

PDA पंचायत में स्वास्थ्य, किसान और रोजगार के मुद्दों पर सरकार को घेरा
​बदायूं। सहसवान विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोठा स्थित प्रसिद्ध सिद्ध बाबा धाम पहुंचकर बदायूं सांसद आदित्य यादव ने शनिवार को विधिवत दर्शन-पूजन किया। उन्होंने मंदिर परिसर में घंटा चढ़ाकर क्षेत्रवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके उपरांत सांसद उघैती स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां आयोजित ‘पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पंचायत’ में उन्होंने कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों को संबोधित किया।
​सभा को संबोधित करते हुए सांसद आदित्य यादव ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा ही सामाजिक उन्नति की मजबूत नींव है। वंचित और पिछड़े वर्गों को अपने अधिकारों, शिक्षा और रोजगार के प्रति सजग होना पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी की राजनीति में पीडीए वर्ग को सत्ता व समाज में निर्णायक भागीदारी दिलाना ही प्राथमिक लक्ष्य है।
​राज्य सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए सांसद ने बदायूं मेडिकल कॉलेज की लचर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर समुचित उपचार न मिलने के कारण गंभीर मरीजों को लगातार बड़े शहरों के लिए रेफर किया जा रहा है, जो चिंताजनक है। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में बिजली संकट, बेरोजगारी और किसानों को खाद-बीज की किल्लत पर भी उन्होंने प्रशासन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि कृषि उपज की सुलभ बिक्री के लिए स्थानीय मंडियों का सशक्त होना अनिवार्य है।
​सपा के पूर्व कार्यकाल की जनहितैषी योजनाओं—जैसे पेंशन, बेरोजगारी भत्ता, डायल-100 और लैपटॉप वितरण—का स्मरण कराते हुए सांसद ने आश्वस्त किया कि भविष्य में सरकार बनने पर सामाजिक सुरक्षा और युवाओं के रोजगार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही उन्होंने स्थानीय खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए जनपद में एक सर्वसुविधायुक्त स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण का वादा भी किया।
​2027 के विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत सांसद ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और मतदाता सूचियों के प्रति पैनी नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ‘पीडीए प्रहरी’ के रूप में प्रत्येक कार्यकर्ता को लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करनी होगी।
​कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव, विधायक ब्रजेश यादव, फखरे अहमद शोवी, नजर प्रधान, लताफत हुसैन, नवाब सिंह, वैभव उपाध्याय, नरोत्तम यादव, आकाश मिश्रा, किशन प्रधान, राजेंद्र उपाध्याय और चंद्रपाल शाक्य सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

युवा आपातकालीन स्थिति में न खोएं धैर्य, हिम्मत से काम लें : संजीव

Spread the loveबच्चों में देशभक्ति का अनोखा जज्बा पैदा करती है स्काउटिंग : वीरू स्काउट …