बदायूँ। जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर बदायूँ पुलिस सख्त रुख अपनाए हुए है। शासन और डीजीपी उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुश्री अंकिता शर्मा ने पुलिस कार्यालय से जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से समीक्षा गोष्ठी की। इस दौरान उन्होंने जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए फरियादियों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान के कड़े निर्देश दिए।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने दो टूक कहा कि थानों पर आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात संवेदनशीलता और गंभीरता से सुनी जाए। पीड़ितों को अपनी समस्याओं के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े, उनका समाधान थाना व चौकी स्तर पर ही सुनिश्चित हो। उन्होंने आईजीआरएस, जनसुनवाई, मुख्यमंत्री संदर्भ और पीजी पोर्टल से प्राप्त प्रार्थना पत्रों की समीक्षा करते हुए तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के आदेश दिए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि निस्तारण की गुणवत्ता में लापरवाही मिलने पर जवाबदेही तय की जाएगी और शिकायतकर्ता को भी कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी।
कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एसएसपी ने प्रत्येक थाने को अपने क्षेत्र के शीर्ष 10 भूमि विवादों को चिह्नित कर सूची तैयार करने के निर्देश दिए। इन मामलों के समाधान के लिए संबंधित क्षेत्राधिकारी निगरानी करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर एसडीएम के समन्वय से राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर निस्तारण कराएगी, ताकि जमीनी रंजिश के चलते होने वाले अपराधों पर रोक लग सके। इसके अलावा पारिवारिक विवादों में काउंसलिंग और आपसी संवाद के जरिए सुलह कराने पर जोर दिया गया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन के प्रति संवेदनशील व निष्पक्ष व्यवहार अपनाने की सख्त हिदायत दी।
Budaun Amarprabhat