फैजगंज बेहटा। जनपद बदायूँ में जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. रूबी वर्मा के निर्देशन में संचालित ‘आयुष आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय मितरौली द्वारा कस्बे के हाशमी पब्लिक स्कूल में एक दिवसीय निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 66 मरीजों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवाएं वितरित की गईं।
शिविर में मुख्य रूप से पहुंचीं मितरौली अस्पताल की प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रियंका कुशवाहा ने मरीजों की गहन जांच की और मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि मौसम में आ रहे बदलाव के कारण सर्दी, जुकाम, बुखार, मलेरिया और चर्म रोग जैसी संक्रामक बीमारियां तेजी से फैलती हैं। इनसे बचाव के लिए अपने आसपास साफ-सफाई रखें, जलभराव न होने दें, मच्छरों से बचने के लिए पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें और सुबह-शाम की ठंड से बचाव करें।
डॉ. कुशवाहा ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए सख्त सलाह दी कि किसी भी बीमारी के लक्षण दिखने पर मेडिकल स्टोर से बिना सलाह दवा न लें, बल्कि हमेशा प्रशिक्षित चिकित्सक से परामर्श के बाद ही दवाइयों का सेवन करें।
शिविर को सफल बनाने में स्कूल स्टाफ मीनाज, इफा और नाजिया का सराहनीय सहयोग रहा। शिविर के अंत में चिकित्सा टीम ने विद्यालय प्रशासन व सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
Budaun Amarprabhat