बाइकों की भिड़त घायल हुए बुजुर्ग सोबरन ने तोड़ा दम
मंगलवार को असौली गांव के पास हुआ था हादसा
बिल्सी। रफीनगर-खितौरा मार्ग पर स्थित गांव अहमदनगर असौली के पास मंगलवार की दोपहर दो बाइकों की भिड़ंत में घायल हुए क्षेत्र के गांव पालपुर निसासी एक बुजुर्ग की उपचार के दौरान बुधवार को मौत हो गई। परिवार के लोगों ने बगैर पीएम कराए ही मृतक का कछला घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया। बुजुर्ग की मौत के बाद परिवार के लोगों में कोहराम मचा हुआ है। जानकारी के मुताबिक मृतक सोबरन सिंह (70) पुत्र गनेश सिंह मंगलवार की सुबह पड़ोसी गांव फतेहपुर कूबरी निवासी लाखन सिंह पुत्र शिवलाल के साथ गंगा स्नान के लिए बाइक से कछला के लिए गए। वापस लौटते समय गांव रफीनगर के पास विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में घायल दोनों लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। आनन-फानन में राहगीरों की मदद से बिल्सी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन दोनों घायलों को चंदौसी के एक अस्पताल ले गए। जहां उपचार के दौरान सोबरन सिंह ने दम तोड़ दिया। जिसके बाद परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दिए बिना उनका बुधवार को कछला घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया।
Budaun Amarprabhat