संवाददाता : ——— (गोविंद देवल), बदायूं
बदायूं, 01 दिसंबर 2025—
कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग, राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं के छात्र-छात्राओं ने विश्व एड्स दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम अस्पताल के ओपीडी प्रांगण में नुक्कड़ नाटक के रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसे मरीजों और तीमारदारों ने बड़ी रुचि से देखा।
कार्यक्रम का आयोजन नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य श्री निवासन गांधी के निर्देशन में किया गया।
“एड्स जागरूकता समय की सबसे बड़ी आवश्यकता”—प्राचार्य
राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं के प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि एड्स एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, जिसके प्रति समाज को जागरूक करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने छात्रों की पहल को सराहा और कहा कि इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम गलत धारणाओं को दूर करने, वैज्ञानिक जानकारी देने और लोगों में सतर्कता बढ़ाने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध होते हैं।
छात्रों ने दी विस्तृत जानकारी
नर्सिंग कॉलेज के शिक्षकों एवं पूरे स्टाफ की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं ने वहां आए मरीजों और तीमारदारों को एड्स के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार संबंधी विस्तृत जानकारी दी और उन्हें इस रोग के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
रुपाली चौधरी और टीम ने संभाला आयोजन
इस कार्यक्रम का सफल संचालन कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग की शिक्षिका रुपाली चौधरी तथा उनकी पूरी टीम द्वारा किया गया।
नुक्कड़ नाटक में छात्रों ने सामाजिक जागरूकता, सुरक्षित व्यवहार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को सरल भाषा में प्रस्तुत किया, जिसे सभी ने सराहा।
✦
Budaun Amarprabhat