
बदायूं। गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय, बदायूं में एनएसएस, एनसीसी एवं रेंजर्स समिति के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत राहवीर योजना पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को सड़क दुर्घटनाओं के समय पीड़ितों की सहायता के प्रति जागरूक करना तथा उनमें सामाजिक जिम्मेदारी की भावना का विकास करना रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सरला चक्रवर्ती ने कहा कि राहवीर योजना मानवता, करुणा और संवेदनशीलता को बढ़ावा देने वाली एक सराहनीय पहल है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे सड़क दुर्घटना की स्थिति में बिना किसी भय के घायल व्यक्ति की सहायता करें और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनें। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज की मजबूत आधारशिला होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को राहवीर योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर सहायता पहुंचाकर उसकी जान बचाने वाले नागरिकों को सरकार द्वारा सम्मान एवं प्रोत्साहन प्रदान किया जाता है। साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों के पालन पर विशेष बल दिया गया।
अंत में छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन एवं दुर्घटना की स्थिति में निस्वार्थ भाव से सहायता करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में महाविद्यालय की शिक्षिकाओं, स्वयंसेविकाओं तथा बड़ी संख्या में छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम का सफल संचालन एनएसएस प्रभारी अवनिशा वर्मा द्वारा किया गया।
Budaun Amarprabhat