बदायूं | संवाददाता गोविंद देवल

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बजट सत्र में शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि की घोषणा किए जाने के बाद जनपद के शिक्षामित्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ, जनपद बदायूं के जिला अध्यक्ष अमित शर्मा के नेतृत्व में बुधवार को शिक्षामित्रों ने जनप्रतिनिधियों को मिठाई खिलाकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की और पटका पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही जनप्रतिनिधियों के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित धन्यवाद पत्र प्रेषित कर प्रदेश सरकार का आभार जताया गया।
शिक्षामित्र लंबे समय से मानदेय वृद्धि की मांग कर रहे थे। 5 सितंबर को मुख्यमंत्री द्वारा संकेत दिए जाने के बाद बजट सत्र में इसकी औपचारिक घोषणा कर दी गई। पिछले नौ वर्षों से शिक्षामित्रों को 10 हजार रुपये प्रतिमाह (11 माह) मानदेय मिल रहा था, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
सरकार द्वारा 8 हजार रुपये की वृद्धि की घोषणा के बाद अब 1 अप्रैल से शिक्षामित्रों को 18 हजार रुपये प्रतिमाह तथा अनुदेशकों को 17 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। इसके अतिरिक्त 1 अप्रैल से पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा पूरे परिवार के लिए लागू की जाएगी।
शिक्षामित्रों के स्थानांतरण एवं मूल विद्यालय वापसी की प्रक्रिया भी गतिमान है। दूरदराज के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षामित्रों को उनके मूल विद्यालय भेजा जाएगा तथा मायके में कार्यरत विवाहित महिला शिक्षामित्रों को ससुराल के निकट विद्यालय में तैनाती देने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इससे शिक्षामित्रों को राहत मिलेगी और वे अधिक मनोयोग से शिक्षण कार्य कर सकेंगे।
जनपद के 2670 शिक्षामित्र एवं 590 अनुदेशक परिवारों में इस निर्णय से नई ऊर्जा का संचार हुआ है। शिक्षामित्रों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में उनका नियमितीकरण कर शिक्षकों के समान वेतन एवं सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
इस अवसर पर जिला प्रभारी मंत्री एवं माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी का फूलमाला व पटका पहनाकर स्वागत किया गया और मुख्यमंत्री को संबोधित धन्यवाद पत्र सौंपा गया। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार गुप्ता उर्फ बब्बू भैया, प्रदेश सचिव जे.के. सक्सेना (अध्यक्ष डीसीएफ बदायूं) एवं जिला सहकारी संघ अध्यक्ष रविंद्र पाल सिंह का भी सम्मान कर आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में चरण सिंह (ब्लॉक अध्यक्ष वजीरगंज), रजनीश मिश्रा (जिला प्रभारी), शमीम हुसैन कादरी (जिला प्रवक्ता), धर्मपाल सिंह राजपूत (जिला सचिव), श्याम निवास राजपूत (जिला मीडिया प्रभारी), अनिल यादव (जिला संगठन मंत्री), अनुज शर्मा, इरफान अली, विजेंद्र पाल, मुनेंद्र पाल, रमेश चंद्र, नवनीत कुमार, सूर्य प्रकाश विमल, पुष्पेंद्र सिंह, मुकेश बाबू, आशा कश्यप, सरला देवी, पुष्पा देवी, मीना वर्मा, ईश्वरी वर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षामित्र पदाधिकारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat