🔹 “शिक्षा ही सबसे बड़ा हथियार”, अंबेडकर के विचारों को अपनाने का किया आह्वान
संवाददाता: गोविंद देवल
बिल्सी। डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के पावन अवसर पर विधायक हरीश शाक्य ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पहुंचकर बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने बिल्सी नगर सहित गुधनी, बसंत नगर, ढकपूरा मीरापुर, कुरऊ, रमंगला, मिर्जापुर आदि गांवों में कार्यक्रमों में भाग लिया।
विधायक हरीश शाक्य ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन करते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर ने अपने ज्ञान, संघर्ष और अदम्य साहस के बल पर समाज में समानता, न्याय और मानवाधिकारों की मजबूत नींव रखी। भारतीय संविधान के मुख्य शिल्पकार के रूप में उनका योगदान सदैव अमूल्य रहेगा।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बताया, जिससे हर व्यक्ति अपने अधिकारों के लिए खड़ा हो सकता है और एक बेहतर समाज का निर्माण कर सकता है। “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” का उनका संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
विधायक ने सभी से बाबा साहब के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और एक समतामूलक, सशक्त व जागरूक समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ओमप्रकाश सागर, महिपाल सागर, सूर्य प्रकाश सागर, राजू सागर, चरन सिंह सागर, मुनीश सागर, संजीव रूप, पिंकू श्रीवास्तव, मोहित गुप्ता, योगेश वार्ष्णेय, मनोज जैन, आदित्य माहेश्वरी, वीरेन्द्र सागर और राजेश सागर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat