डीएम अवनीश राय के निर्देश—संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर, मजिस्ट्रेट व पुलिस बल तैनात
संवाददाता: गोविंद देवल, बदायूं
19 अप्रैल 2026 को मनाई जाने वाली परशुराम जयंती को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला मजिस्ट्रेट अवनीश राय ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में हर वर्ष की भांति इस बार भी महर्षि परशुराम जयंती के अवसर पर शोभायात्रा, पूजन, सभा और गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।
नगर क्षेत्र में निकलने वाली शोभायात्रा लोटनपुरा तिराहा, गोपी चौक, नेहरू चौक, खैराती चौक, पुराना बाजार, सुभाष चौक, गद्दी चौक, निदेश चौक, पीएनबी और लावैला चौक होते हुए अपने उद्गम स्थल पर पहुंचेगी। इस दौरान 15 से 20 झांकियां भी शामिल रहेंगी।
सुरक्षा के लिए तगड़े इंतजाम
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पूरे आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेट्स की तैनाती की गई है। शोभायात्रा के आगे, बीच और पीछे अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि नगर मजिस्ट्रेट पूरे आयोजन के लिए उत्तरदायी होंगे।
संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और पूरे क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी। साथ ही उपद्रवी और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पहले से होगी पूरी तैयारी
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आयोजन से पहले मार्गों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं। धार्मिक स्थलों, बाजारों, रेलवे और बस स्टेशनों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
सफाई, पानी और स्वास्थ्य सुविधाएं दुरुस्त रहेंगी
नगर निकायों को साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति और मार्गों पर चूना डलवाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग को डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और एंबुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
डीएम ने बताया कि वर्तमान में लागू कानूनी प्रावधानों के तहत सभी प्रतिबंधों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा, ताकि पर्व शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
Budaun Amarprabhat