11 जून से रोजाना दोपहर 12 से 1 बजे तक होगी सुनवाई, आमजन को एसएसपी कार्यालय आने की नहीं होगी जरूरत
बदायूं। जनपद में आमजन की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं सुश्री अंकिता शर्मा ने नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत 11 जून 2026 से प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।
इस दौरान जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े रहेंगे। व्यवस्था का उद्देश्य यह है कि लोगों की अधिक से अधिक समस्याओं का समाधान संबंधित थानों पर ही हो सके और उन्हें शिकायतों के निस्तारण के लिए एसएसपी कार्यालय तक आने की आवश्यकता न पड़े।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों और जनसमस्याओं की सुनवाई की जाएगी। साथ ही कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, विवेचनाओं की प्रगति, लंबित प्रार्थना-पत्रों और अन्य पुलिस संबंधी मामलों की भी समीक्षा की जाएगी।
एसएसपी सुश्री अंकिता शर्मा द्वारा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे तथा उनके अनुपालन की नियमित समीक्षा भी की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने जनसामान्य से अपील की है कि निर्धारित समय पर अपने संबंधित थाने पर पहुंचकर थाना प्रभारी के माध्यम से अपनी शिकायतें और समस्याएं प्रस्तुत करें, ताकि उनका शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
Budaun Amarprabhat