करीब तीन सप्ताह पहले हुई चोरी का खुलासा, जेवर और नकदी बरामद, आरोपी ने पूछताछ में कबूला अपना जुर्म
बिल्सी, बदायूं। थाना बिल्सी पुलिस ने घर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को चोरी के जेवर और नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह रही कि चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि घर के ही बेटे ने की थी। आरोपी चोरी के जेवर बेचने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम दीननगर शेखपुर निवासी जयपाल सिंह ने 19 जुलाई को अपने घर से एक लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बिल्सी पुलिस लगातार सुरागरसी में जुटी थी।
बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दीननगर मार्ग स्थित नाई पिण्डरी तिराहे के पास से अरविन्द उर्फ हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से सोने-चांदी के जेवर और 10 हजार रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 18-19 जुलाई की रात अपने ही पिता के घर से रुपये और जेवर चोरी किए थे तथा अब उन्हें बेचने जा रहा था।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक पुष्पराज सिंह और कांस्टेबल संजीव कुमार की प्रमुख भूमिका रही।
Budaun Amarprabhat