ग्रामीणों ने जताई चिंता, वन विभाग ने मौके पर जाकर जांच की बात कही
मुजरिया। थाना क्षेत्र के ग्राम कटईया भगवंती में पिछले तीन दिनों से हरे पेड़ों के कटान को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में दिन-रात पेड़ों की कटाई किए जाने से हरियाली प्रभावित हो रही है। मामले में ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मौके पर पहुंचकर जांच कराने और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में नीम, शीशम सहित अन्य पेड़ों का कटान किया जा रहा है। कटान को लेकर ग्रामीणों में चर्चा बनी हुई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो बड़ी संख्या में पेड़ काटे जा सकते हैं।
मामले में वन दरोगा पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि कटईया भगवंती में पेड़ों के कटान की जानकारी उनके संज्ञान में नहीं थी। उन्होंने बताया कि मौके पर यूकेलिप्टस के पेड़ों का कटान होने की जानकारी मिली है और अनुमति के लिए फाइल प्रस्तुत की गई है। वन दरोगा ने कहा कि वह स्वयं मौके पर जाकर स्थिति की जांच करेंगे।
ग्रामीणों ने मांग की है कि मौके पर पेड़ों के कटान की जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि काटे जा रहे पेड़ों के संबंध में नियमानुसार अनुमति है या नहीं। जांच के बाद नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई किए जाने की अपेक्षा जताई गई है।
Budaun Amarprabhat