सरकार से की 50-50 लाख मुआवजे की मांग
बदायूं। बागपत में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर 7 सितंबर को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बदायूं के 13 श्रद्धालुओं की अकाल मौत से पूरे जनपद में गहरा शोक व्याप्त है। इस भीषण त्रासदी से पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने पूर्व मंत्री आबिद रज़ा मंगलवार को कादरचौक व उझानी ब्लॉक स्थित यादव बाहुल्य गांवों—अल्लापुर चमारी, चेतू नगला और निजामपुर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस अत्यंत दुखद घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
पीड़ित परिवारों से मिलने के बाद पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि मृतकों के आश्रितों को 50-50 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल लोगों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तत्काल प्रदान की जाए। इसके साथ ही उन्होंने एक्सप्रेसवे पर लचर आपातकालीन व्यवस्थाओं पर कड़े सवाल उठाए।
आबिद रज़ा ने कहा कि एक्सप्रेसवे पर पर्याप्त और आधुनिक एंबुलेंस सुविधाओं की भारी कमी है। यदि समय पर तत्परता से एंबुलेंस और आपातकालीन चिकित्सा सेवा मिल जाती, तो शायद कई घायलों की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने एक्सप्रेसवे प्रबंधन और सरकार से हर निश्चित दूरी पर जीवनरक्षक एंबुलेंस व प्राथमिक उपचार की व्यवस्था अनिवार्य करने की मांग की।
इस दौरान उनके साथ मुख्य रूप से विनोद यादव, शशांक यादव, हर्षित यादव, लालू यादव, राजवीर यादव, विजय यादव, अनिल यादव, बृजेंद्र सिंह यादव, मास्टर कल्याण यादव, मनीष यादव, देवेंद्र यादव, कृष्ण पाल यादव, शिवराज यादव, भगवान सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat