Breaking News

पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने मृतक आश्रित कोटे में सफाई कर्मचारी को सौंपा नियुक्ति पत्र, खिले चेहरे

Spread the love

बदायूं। नगर पालिका परिषद बदायूं की अध्यक्ष फात्मा रज़ा ने मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देते हुए मंगलवार को मृतक आश्रित कोटे के तहत एक सफाई कर्मचारी को नियुक्ति पत्र सौंपा। पालिका कार्यालय में आयोजित एक सादे कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र मिलते ही नवनियुक्त कर्मचारी के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पालिकाध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।
मामले की जानकारी देते हुए पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने बताया कि पालिका में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत ध्रुव बाबू पुत्र अर्जुन सिंह का सेवाकाल के दौरान आकस्मिक निधन हो गया था। पिता की मृत्यु के बाद उनके पुत्र ने मृतक आश्रित कोटे के तहत सेवायोजन हेतु प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया था। परिवार की आर्थिक स्थिति और परिस्थितियों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए पालिका प्रशासन ने त्वरित प्रक्रिया अपनाकर उन्हें नियुक्ति प्रदान की।
नियुक्ति पत्र सौंपते हुए पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा, “यह अवसर मेरे लिए अत्यंत मिश्रित भावनाओं से भरा हुआ है। एक तरफ जहां दिवंगत कर्मचारी के पीड़ित परिवार को आजीविका का सहारा मिलने से बड़ी राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर इस बात का गहरा दुःख भी है कि परिवार के मुख्य अभिभावक अब हमारे बीच नहीं हैं। उनके न रहने की भरपाई कभी नहीं की जा सकती।”
उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारी को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा जताई कि वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने में नगर पालिका का सक्रिय सहयोग करेंगे।
इस अवसर पर सभासद मुकेश साहू, रवि कुमार, मोहित सक्सेना, कमालुद्दीन, मनोज चंदेल सहित नगर पालिका के कार्यालय अधीक्षक सूर्य प्रकाश सक्सेना, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक केशव गंगवार तथा लिपिक महेश बाबू आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी ने नवनियुक्त कर्मी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

बदायूँ पुलिस लाइन में स्वास्थ्य शिविर: पुलिसकर्मियों व उनके परिजनों को मिला निशुल्क परामर्श एवं उपचार

Spread the love​बदायूँ। रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में रविवार को पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों के …