युद्धस्तर पर कार्य पूरे करने के निर्देश
बदायूँ। रुहेलखंड के ऐतिहासिक मिनी कुंभ के रूप में विख्यात ‘मेला ककोड़ा’ के सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार को जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने संयुक्त रूप से गंगा तट पर पहुंचकर मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान शीर्ष अधिकारियों ने मेले की प्रारंभिक तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा करते हुए मातहतों को कड़े दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले से जुड़े सभी विकास व व्यवस्था संबंधी कार्य तय समयसीमा के भीतर युद्धस्तर पर पूरे किए जाएं। दूर-दराज से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए मेला स्थल तक जाने वाले सभी संपर्क मार्गों का निर्माण एवं मरम्मत कार्य तत्काल पूर्ण कराने को कहा गया, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो। इसके साथ ही पूरे मेला परिसर में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सचल शौचालयों जैसी आवश्यक जनसुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के मद्देनजर एसएसपी ने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। पूरे मेला परिसर में तीसरी आंख यानी सीसीटीवी कैमरों और आधुनिक ड्रोन कैमरों से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता, प्रभावी भीड़ प्रबंधन और सुदृढ़ ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू करने के निर्देश दिए गए, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री अभिषेक कुमार सिंह, एसडीएम सदर साईं अश्रित शाखमुरी, सीओ उझानी राहुल पाण्डेय सहित सभी संबंधित विभागों के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat