निर्माणाधीन पानी की टंकी से गिरकर मजदूर की मौत
शाहजहांपुर। मदनापुर थाना क्षेत्र के झपका दिलावरपुर गांव में शुक्रवार शाम निर्माणाधीन पानी की टंकी पर काम कर रहे मजदूर की गिरकर मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं विभागीय लापरवाही भी उजागर हुई।
लकड़ी टूटने से बिगड़ा संतुलन
जैतीपुर थाना क्षेत्र के बाखरपुर गांव निवासी 24 वर्षीय जबर सिंह रोजी-रोटी के लिए मजदूरी करता था। शुक्रवार को वह झपका दिलावरपुर गांव में पानी की टंकी पर काम कर रहा था। काम के दौरान लकड़ी टूटने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। गिरते ही उसके सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सुरक्षा मानकों की खुली पोल
हादसे में सबसे बड़ी लापरवाही यह रही कि मजदूर ने काम करते समय न तो हेलमेट पहना था, न ही सेफ्टी बेल्ट और न ही सेफ्टी जूते। इससे सवाल उठ रहे हैं कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी क्यों की गई और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार विभाग कितना गंभीर है।
अफसरों की भूमिका पर सवाल
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि परियोजना से जुड़े जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी न होने के कारण यह हादसा हुआ। डीपीएम मनोज साहू, एजीएम कृष्णा राजू और क्यू सी इंचार्ज गणेश सेफ़्टी इंचार्ज की भूमिका को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों की मांग है कि इस मामले की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को हादसे की जानकारी दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
चार भाइयों में सबसे छोटा था मृतक
परिजनों ने बताया कि जबर सिंह चार भाइयों में सबसे छोटा था। मेहनत-मजदूरी कर ही वह परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी अचानक हुई मौत से परिजनों में मातम छा गया है।
Budaun Amarprabhat