बदायूं से संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। नगर के डी पॉल स्कूल में वर्ष 2025 का वार्षिक उत्सव “जुगनू सांस्कृतिक समारोह” धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गई।
समारोह का शुभारंभ प्रधानाचार्य फादर अजिन पॉल, मैनेजर फादर अनीष जॉर्ज, एजुकेशन काउंसलर फादर मार्टिन, कार्यक्रम अध्यक्ष फादर जॉनसन, मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार और विशिष्ट अतिथि एडीजे विकास सिंह, सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, एआरटीओ राम वचन, सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके उपरांत छात्र-छात्राओं ने प्रार्थना गीत प्रस्तुत किया।
स्कूल के प्रिंसिपल फादर अजिन पॉल ने अतिथियों, विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का स्वागत करते हुए विद्यालय के उद्देश्यों और मूल्यों पर प्रकाश डाला। इसके बाद छात्रों ने मनमोहक स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया।
सैन थॉम विनसेंशियन सोसाइटी के असिस्टेंट प्रोविंशियल फादर जॉनसन ने अध्यक्षीय भाषण में विद्यालय की उपलब्धियों और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि केशव कुमार ने कक्षा 12 के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया, जबकि एजुकेशन काउंसलर फादर मार्टिन ने कक्षा 10 के विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए। मिशन सुपीरियर फादर मैथ्यू वीसी ने स्कूल की वार्षिक पत्रिका “दर्शन” का नवीनतम अंक जारी किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में छात्रों ने “जुगनू” नामक नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। केजी के नन्हें-मुन्ने छात्रों ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन, शिक्षक, शिक्षणेतर कर्मचारी, अभिभावक और शहर के कई प्रमुख नागरिक उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat