संवाददाता: नेत्रपाल सैलानी
मुजरिया। इस्माइलपुर मेमड़ी निवासी वीरेंद्र सिंह यादव (33) की दोपहर लगभग 1.00 से 1.30 बजे के बीच मुजरिया चौराहा पर बाइक दुर्घटना के बाद जानलेवा हमला में मौत हो गई, जबकि उनके चाचा राजेंद्र सिंह यादव (56) गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र सिंह अपने चाचा को दवा दिलाने बाइक से सगराय से मुजरिया की ओर आ रहे थे। उसी समय पीछे से एक पिकअप और सामने से टाटा पंच कार आ गई। कार ने बाइक से टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। इसके बाद कार और पिकअप के चालक और सवारों ने हॉकी और डंडों से दोनों पर हमला किया। आरोप है कि कार चालक ने घायल वीरेंद्र सिंह के सिर पर अपनी कार का पहिया तक चला दिया। हमला करने के बाद दोनों वाहन चालक और सवार घटनास्थल से भागने में सफल रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों वाहन एक ही मालिक के थे और दोनों वाहन उसी गांव के निवासी थे। घटना के समय आसपास खेतों में काम कर रहे लोग और राहगीर मौजूद थे।
सूचना मिलते ही मुजरिया पुलिस मौके पर पहुंची। घायल राजेंद्र सिंह यादव को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतक वीरेंद्र सिंह का शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चारी में रखा गया। मृतक के ताऊ महाराज सिंह का कहना है कि यह पुरानी दुश्मनी के चलते जानबूझकर की गई हत्या है।
पुलिस ने पिकअप, टाटा पंच कार और बाइक को कब्जे में ले लिया है। क्षेत्राधिकारी सहसवान अशोक कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटनास्थल पर पड़े डंडों और हॉकी को भी हटा दिया गया।
मृतक वीरेंद्र सिंह अपने पिता के इकलौते पुत्र थे और उनके पीछे एक लड़का व तीन बेटियां हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। मृतक के ताऊ ने पुलिस में नामजद तहरीर देने की बात कही है।
Budaun Amarprabhat