बदायूं।
केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा ने आज VB-G RAM G जनजागरण अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान किसानों, कृषि श्रमिकों एवं ग्रामीण श्रमिकों को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि VB-G RAM G अधिनियम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ श्रमिकों को सम्मानजनक, पारदर्शी और टिकाऊ आजीविका उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
वर्मा ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल VB-G RAM G को किसान-विरोधी अथवा गरीब-विरोधी बताकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि सच्चाई इसके ठीक विपरीत है। यह अधिनियम माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प को धरातल पर उतारने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि VB-G RAM G को अन्य ग्रामीण सुधार योजनाओं के साथ जोड़ते हुए विकसित भारत 2047 के विजन के अनुरूप एक व्यापक ग्रामीण परिवर्तन की नींव रखी जा रही है। इस अभियान के माध्यम से ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंचकर किसानों एवं श्रमिकों को सरल भाषा में इसके लाभों की जानकारी दी जाएगी और उनके सभी संदेहों का समाधान किया जाएगा।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने बताया कि इस जनजागरण अभियान के अंतर्गत राज्य, जिला, ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर सम्मेलन, किसान चौपाल, जनसंपर्क अभियान, पदयात्रा, रैली, सोशल मीडिया अभियान तथा प्रेस संवाद जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि सही और तथ्यपरक जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
कार्यक्रम के अंत में श्री वर्मा ने सभी जनप्रतिनिधियों, किसान संगठनों, सहकारी संस्थाओं एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस जनजागरण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अभियान ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध बनाने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
Budaun Amarprabhat