बदायूं।
नगर पालिका परिषद बदायूं द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में शुक्रवार को शास्त्री चौक पर दर्जनों व्यापारियों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन एवं ऑल इंडिया ज्वेलर्स एसोसिएशन जनपद बदायूं के जिला अध्यक्ष जितेंद्र महाजन ने किया। व्यापारियों का आरोप है कि नगर पालिका द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना, व्यापारी बैठक अथवा व्यापार मंडल को विश्वास में लिए बिना ही मनमाने तरीके से बाजार में तोड़फोड़ की गई, जिससे व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
धरना प्रदर्शन से पूर्व राष्ट्रीय उद्योग व्यापार संगठन के आह्वान पर व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं सदस्य एकत्र हुए। इससे पहले जिला अध्यक्ष जितेंद्र महाजन ने सर्राफा एवं अन्य व्यापारियों के साथ बैठक कर सभी को शास्त्री चौक पर पहुंचने का आह्वान किया। इसके बाद नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई और व्यापारी सड़क पर बैठकर धरने पर डट गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह एवं इंस्पेक्टर क्राइम अशोक कुमार सिंह की मौजूदगी में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को शास्त्री चौक पर बुलाया गया। व्यापारियों ने उनके समक्ष अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। इस दौरान नगर पालिका द्वारा अभियान के दौरान उठाई गई लोहे की स्लैब, शटर, चबूतरे, एंगल लोहा आदि सामग्री को वापस करने की मांग की गई।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि सोमवार तक जब्त किया गया समस्त सामान वापस कर दिया जाएगा। साथ ही जिलाधिकारी बदायूं को संबोधित एक लिखित ज्ञापन राष्ट्रीय उद्योग व्यापार संगठन बदायूं एवं ऑल इंडिया ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र महाजन द्वारा सौंपा गया।
अधिशासी अधिकारी ने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में हर माह व्यापारियों एवं व्यापार मंडल के साथ बैठक कर समस्याओं का समाधान किया जाएगा तथा व्यापारी हित में फिलहाल अतिक्रमण हटाओ अभियान को स्थगित किया जा रहा है। इस घोषणा के बाद व्यापारियों ने धरना समाप्त करने की घोषणा की।
ज्ञापन देने वालों एवं धरना प्रदर्शन में शामिल प्रमुख व्यापारियों में जितेंद्र महाजन, केवी गुप्ता, नवनीत गुप्ता शोटू, अरविंद गुप्ता एडवोकेट, पवन जैन, राशिद सैफी, अमित वैश, गोविंद कृष्ण, ऋषि वर्मा, अंश गुप्ता, दीपू वर्मा, जितेंद्र साहू, अमित रस्तोगी, गर्वित वैश्य, क्षितिज वैश्य, दीपक गुप्ता, संजीव गुप्ता, मनोज गुप्ता, अजय गुप्ता, विनीत वर्मा, सचिन शर्मा, दीपक सैनी, विशाल गुप्ता, अंकित वैश, विशन लाल, राजीव रस्तोगी, सचिन गुप्ता, मनोज भारद्वाज, देवी चरण, मोहित रस्तोगी, संदीप वर्मा, राजीव वर्मा, प्रभात गुप्ता, राजीव गुप्ता, टिंकू, विश्वनाथ रस्तोगी, पल्लव वैश, नंदकिशोर, अमन वैश्य, राज गुप्ता, दिलीप, राजेंद्र, प्रेमपाल, अनूप प्रकाश सहित दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat