संवाददाता गोविन्द देवल
बदायूं।
शहर भाजपा विधायक महेश चंद्र गुप्ता के लगातार प्रयासों से बदायूं शहर को बड़ी राहत मिलने जा रही है। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण के लिए शासन ने द्वितीय किस्त के रूप में 10 करोड़ रुपये की धनराशि और जारी कर दी है। इससे पहले प्रथम चरण में ढाई करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है। कुल मिलाकर 41 से 42 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया जाएगा, जिसके बाद शहरी क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने का कार्य शुरू होगा।
शहर की जनता वर्षों से सीवरेज लाइन की मांग कर रही थी, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी थी। मौजूदा भाजपा विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने चुनाव के दौरान जनता से किया गया वादा निभाते हुए इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया। उन्होंने स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगर विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना से विशेष अनुरोध किया था।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जल निगम की टीम ने सीवरेज लाइन और ट्रीटमेंट प्लांट के लिए सर्वे किया, जिसमें शेखूपुर रोड पर प्लांट निर्माण के लिए भूमि का चयन किया गया। इसके बाद शासन से करीब 42 करोड़ रुपये की स्वीकृति दिलाई गई। केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य और पूर्व राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता द्वारा प्लांट का शिलान्यास किया गया था। उस समय प्रथम किस्त के रूप में ढाई करोड़ रुपये जारी कर कार्य प्रारंभ कराया गया।
प्रथम किस्त की धनराशि से आई एंड डी और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से जुड़े कार्य पूरे होने के बाद विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने शेष धनराशि के लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए। अब शासन ने दूसरी किस्त के रूप में 10 करोड़ रुपये और जारी कर दिए हैं।
इस संबंध में उत्तर प्रदेश शासन के संयुक्त सचिव देवेश मिश्रा ने प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरी) को पत्र भेजकर 10 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त किए जाने की जानकारी दी है। अब तक कुल स्वीकृत धनराशि में से 12.50 करोड़ रुपये जारी हो चुके हैं। जल निगम को इस धनराशि से कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं।
धनराशि जारी होने की खबर के बाद शहरवासियों में खुशी की लहर है। लोगों का कहना है कि भाजपा विधायक ने जो वादे किए थे, उन्हें धरातल पर उतारने का काम किया है।
वर्जन
“सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण के लिए शासन से 10 करोड़ रुपये और दिलाए गए हैं। इस धनराशि के उपयोग के बाद शेष धनराशि भी जारी कराई जाएगी। मेरा प्रयास है कि यह महत्वपूर्ण योजना जल्द से जल्द पूरी हो, ताकि शहर की जनता को इसका सीधा लाभ मिल सके।”
— महेश चंद्र गुप्ता, भाजपा विधायक, बदायूं
Budaun Amarprabhat