
बदायूं।
भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश के तत्त्वावधान में दूधली, जिला बालोद (छत्तीसगढ़) में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी में बदायूं जिले के स्काउट्स ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। स्काउट्स ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के साथ-साथ एडवेंचर कंपटीशन में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराते हुए अनेक बैज ससम्मान प्राप्त किए।
भारत स्काउट एंड गाइड संस्था के पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने स्काउट्स की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और निरंतर परिश्रम से ही सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि कभी हिम्मत नहीं हारनी चाहिए, साहस और धैर्य के साथ आगे बढ़ते हुए श्रेष्ठ नागरिक बनकर राष्ट्र के लिए उपयोगी बनना ही स्काउट आंदोलन का उद्देश्य है।
शिक्षक विनोद कुमार ने कहा कि स्काउट निस्वार्थ सेवा के माध्यम से “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की संकल्पना को साकार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्काउट्स पूरी दुनिया को मित्रता और भाईचारे का संदेश दे रहे हैं।
प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी में बदायूं के स्काउट्स ने मंकी ब्रिज, रैपलिंग, जिपलाइन, हार्स राइडिंग, रोप साइकलिंग, प्लैंक ब्रिज, जंपिंग और रॉक क्लाइंबिंग जैसी एडवेंचर गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस उपलब्धि पर जिले के स्काउट सौरभ गौतम, हिमांशु, अरुण कुमार, रोहित गुप्ता, फरदीन अहमद, जीवन गोला और मुजम्मिल सैफी को विभिन्न बैज ससम्मान प्रदान किए गए, जिससे जिले को गौरवान्वित होने का अवसर मिला।
जंबूरी के दौरान साइबर सिक्योरिटी, ऑनलाइन वेबसाइट “माई भारत”, अग्निशमन विभाग द्वारा प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के तरीकों पर भी जानकारी दी गई। साथ ही प्रदेश स्तर पर गेट, टावर, बैंड, मार्च पास्ट सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने जंबूरी में चार चांद लगा दिए।
Budaun Amarprabhat