Breaking News

एसआईआर–2026 के तहत बदायूं में मतदेय स्थलों का व्यापक निरीक्षण, बीएलओ को दिए गए आवश्यक निर्देश

Spread the love


बदायूं।
जनपद बदायूं में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR)–2026 के अंतर्गत रविवार को मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं अद्यतन कार्य को लेकर व्यापक स्तर पर निरीक्षण अभियान चलाया गया। दिनांक 11 जनवरी 2026 को जिला निर्वाचन अधिकारी बदायूं के दिशा-निर्देशन में जिले की सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में संबंधित अधिकारियों ने मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया।
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 112 बिसौली, 113 सहसवान, 114 बिल्सी, 115 बदायूं, 116 शेखूपुर एवं 117 दातागंज में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा मतदेय स्थलों का भ्रमण किया गया।
विधानसभा क्षेत्र 115 बदायूं के अंतर्गत इस्लामियां इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्रों के सभी मतदेय स्थल (क्रमांक 220 से 229 तक) का निरीक्षण उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) तैनात पाए गए।
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दिनांक 6 जनवरी 2026 को बीएलओ द्वारा आलेख्य मतदाता सूची का वाचन कर मतदाताओं के नामों का सत्यापन कार्य किया गया था। सभी बीएलओ के पास फार्म-6, 7 एवं 8 तथा आवश्यक घोषणा-पत्र पर्याप्त संख्या में उपलब्ध पाए गए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ को निर्देशित किया कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में छूट गया हो तो उसका फार्म-6 घोषणा-पत्र सहित भरवाया जाए। वहीं, मतदाता सूची में नाम, उम्र, लिंग अथवा अन्य विवरण में त्रुटि होने की स्थिति में फार्म-8 के माध्यम से संशोधन कराया जाए।
इसके अतिरिक्त सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को मतदाता सूची की टेबल-टॉप एक्सरसाइज कर प्रत्येक मतदाता की फोटो एवं प्रविष्टियों की जांच करने के निर्देश दिए गए। जिन मतदाताओं की फोटो धुंधली, काली, साइज में छोटी अथवा अत्यधिक पुरानी पाई जाए, उनकी नवीनतम फोटो अपडेट कराने तथा अन्य किसी भी विसंगति को फार्म-8 के माध्यम से ठीक कराने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में जनपद की अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी संबंधित अधिकारियों द्वारा मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर एसआईआर–2026 के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। प्रशासन का उद्देश्य है कि आगामी निर्वाचन से पूर्व मतदाता सूची पूर्णतः शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित हो।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

टीएमयू के 120 श्रावक-श्राविकाएं माताजी के दर्शनार्थ अयोध्या रवाना

Spread the love ख़ास बातें श्री कल्पद्रुम महामंडल विधान में इन स्टुडेंट्स ने लिया था …

error: Content is protected !!