बदायूं।
समाजवादी पार्टी के बदायूं लोकसभा क्षेत्र से माननीय सांसद आदित्य यादव जी ने मंगलवार को बिसौली विधानसभा क्षेत्र का व्यापक दौरा किया। इस दौरान बिसौली स्थित बुद्धा उपवन धर्मशाला में आयोजित समाजवादी बी.एल.ए. (BLA) एवं पी.डी.ए. (PDA) प्रहरी संगठनात्मक सम्मेलन में उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष, बी.एल.ए. कार्यकर्ता, पी.डी.ए. प्रहरी तथा पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद आदित्य यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह सरकार जनता के वोट काटकर उनके मतदान के अधिकार को समाप्त करना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से नाम हटाना, भ्रम फैलाना और गरीब, पिछड़े व वंचित वर्ग को वोट से दूर रखना भाजपा की सोची-समझी रणनीति है। उन्होंने कहा कि वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और यदि वोट ही छीन लिया गया तो जनता की आवाज भी दबा दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में बूथ अध्यक्षों और बी.एल.ए. कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। बी.एल.ए. समाजवादी पार्टी की रीढ़ हैं और वही बूथ स्तर पर लोकतंत्र की रक्षा कर सकते हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि वे मतदाता सूची की नियमित जांच करें और किसी भी प्रकार की वोट कटौती की साजिश को सफल न होने दें।
सांसद ने कहा कि हर बूथ पर जाकर नए वोट बनवाना, नाम कटने से बचाना और जनता को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करना आज की सबसे बड़ी राजनीतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विशेष रूप से पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के वोट को कमजोर करना चाहती है, लेकिन समाजवादी पार्टी ऐसा नहीं होने देगी।
पी.डी.ए. (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की एकता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए पी.डी.ए. की एकजुटता बेहद जरूरी है। समाजवादी पार्टी ही सामाजिक न्याय और बराबरी की सच्ची लड़ाई लड़ रही है।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वर्ष 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाई जाएगी, जिससे प्रदेश का चहुमुखी विकास होगा और जनता को उसका अधिकार मिलेगा।
कार्यक्रम में आशीष यादव, पूर्व विधायक आर.के. शर्मा, फखरे अहमद शोबी, खजाना देवी, अमित मथुरिया, सतीश प्रेमी, सुरेंद्र सागर, महेंद्र प्रताप, राकेश प्रजापति, दिनेश भट्ट, आस मोहम्मद, शाहनवाज खान, संतोष कश्यप, राजेंद्र गुरु, चंद्रकेश यादव, डॉ. तारिक, मेहरवान खान, सुरेंद्र यादव सहित अनेक नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संवाददाता : गोविंद देवल
Budaun Amarprabhat