घर-घर पहुंचकर दी जागरूकता, 83 लाख से अधिक मीटर हो चुके इंस्टॉल
संवाददाता: गोविंद देवल
शाहजहांपुर। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम द्वारा 9 फरवरी से शुरू हुआ स्मार्ट मीटर पखवाड़ा 23 फरवरी को सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। इस दौरान लखनऊ, बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं और पीलीभीत में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत प्रतिदिन 25 उपखंडों पर सहायता केंद्र स्थापित किए गए। लखनऊ में करीब 4700, बरेली में 3200, शाहजहांपुर में 2357, पीलीभीत में 1132 और बदायूं में लगभग 2700 उपभोक्ताओं ने सहायता केंद्रों पर पहुंचकर स्मार्ट मीटर से जुड़ी जानकारी प्राप्त की और समस्याओं का समाधान कराया।
अधिकारियों ने बताया कि हेल्प डेस्क के साथ-साथ टीमों ने घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली, रिचार्ज प्रक्रिया और बिलिंग प्रणाली की जानकारी दी। उपभोक्ताओं के मोबाइल में UPPCL Smart App इंस्टॉल कर रियल टाइम बिजली खपत मॉनिटरिंग और ऑनलाइन रिचार्ज की सुविधा समझाई गई। शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
3 करोड़ से अधिक मीटर लगाने का लक्ष्य
निगम के अनुसार प्रदेश में 3 करोड़ 9 लाख 78 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं, जिनमें से अब तक 83 लाख 92 हजार से अधिक मीटर इंस्टॉल किए जा चुके हैं।
अधीक्षण अभियंता अनुज प्रताप ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा भ्रम फैलाने का प्रयास किया गया, लेकिन स्मार्ट मीटर के लाभों की जानकारी मिलने पर उपभोक्ताओं ने स्वयं आगे आकर इसे अपनाया।
इसलिए जरूरी है स्मार्ट मीटर
स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को बिजली खपत की वास्तविक समय की जानकारी मिलती है। इससे ऊर्जा बचत संभव होती है और गलत बिल की संभावना समाप्त हो जाती है। बिजली कटौती की पूर्व सूचना और लोड मैनेजमेंट अलर्ट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
UPPCL स्मार्ट ऐप की 5 बड़ी खासियत
लाइव रीडिंग और बैलेंस: रोजाना की यूनिट खपत और प्रीपेड बैलेंस की जानकारी।
घर बैठे रिचार्ज: यूपीआई, कार्ड या नेट बैंकिंग से तुरंत भुगतान।
शिकायत दर्ज व ट्रैकिंग: वोल्टेज या सप्लाई समस्या की ऑनलाइन शिकायत।
डिस्कनेक्शन सुविधा: कनेक्शन कटवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन।
पारदर्शिता: पुरानी खपत और रिचार्ज हिस्ट्री एक क्लिक पर।
ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
गूगल प्ले स्टोर या ऐपल स्टोर से ऐप डाउनलोड कर ‘Register’ पर क्लिक करें। 10 अंकों का खाता नंबर दर्ज कर ओटीपी से सत्यापन करें और यूजरनेम-पासवर्ड बनाकर लॉगिन करें।
निगम ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे डिजिटल व्यवस्था अपनाकर स्मार्ट मीटर की सुविधा का लाभ उठाएं और बिजली उपभोग में पारदर्शिता सुनिश्चित करें।
Budaun Amarprabhat