सीसीटीवी निगरानी व सख्त जांच के बीच शांतिपूर्वक हुई हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा
संवाददाता: आई एम खान
बिसौली। रामशरण वैद्य आदर्श इंटर कॉलेज में सोमवार को यूपी बोर्ड की परीक्षा दोनों पालियों में सीसीटीवी कैमरों की कड़ी निगरानी में संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान अनुशासन और सख्ती बनी रही, जबकि छात्रों के चेहरों पर पेपर की कठिनाई की चर्चा साफ झलक रही थी।
परीक्षा प्रारंभ होने से पहले विद्यालय के मुख्य द्वार पर आंतरिक सचल दल के रामाधार शर्मा, सुधाकर शर्मा और रेनू कुमारी ने परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली। द्वितीय पाली में वित्त एवं लेखाधिकारी माध्यमिक शिक्षा जैनिथ कान्त के नेतृत्व में गठित सचल दल ने औचक निरीक्षण किया और परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी, सुरक्षा व्यवस्था, शौचालय एवं पेयजल की स्थिति चेक की। सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
केंद्र व्यवस्थापक डॉ. घनश्याम दास ने बताया कि सुबह की पाली में हाईस्कूल अंग्रेजी विषय में 505 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 89 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट गणित व जीव विज्ञान में 338 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 65 अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों में कुल 154 परीक्षार्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे।
परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना केंद्र व्यवस्थापक की सर्वोच्च प्राथमिकता थी। परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट सचिन कुमार (पूर्ति निरीक्षक, बदायूं), बाह्य केंद्र व्यवस्थापक विष्णु कांत, परीक्षा प्रभारी विपिन शर्मा, सह प्रभारी हरदीप सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर अमित पाराशरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस जवान मुस्तैदी से तैनात रहे।
Budaun Amarprabhat