बदायूं। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के जिलाध्यक्ष रामचंद्र यादव के नेतृत्व में किसान दिवस के अवसर पर सैकड़ों किसानों ने विकास भवन सभागार पहुंचकर जिले की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी के नाम मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
किसानों ने ज्ञापन में प्रमुख रूप से आलू की फसल का उचित मूल्य न मिलने की समस्या उठाई। उनका कहना था कि कम दाम मिलने के कारण आलू किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और आत्महत्या करने तक को मजबूर हो रहे हैं। इसके अलावा कोल्ड स्टोरेज संचालकों द्वारा किराया सूची सार्वजनिक न करने और पल्लेदारी के नाम पर अवैध वसूली करने का भी आरोप लगाया गया।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि जिले के कई स्थानों पर टूटे विद्युत पोल अब तक ठीक नहीं कराए गए हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। साथ ही नाधा क्षेत्र में सरकारी क्रय केंद्र खोलने की मांग की गई, ताकि किसान अपनी उपज को उचित मूल्य पर बेच सकें।
युवा जिलाध्यक्ष रामलखन यादव एडवोकेट ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
इस दौरान मंडल उपाध्यक्ष सेठ सिंह, जिला उपाध्यक्ष बीर सिंह, जिला उपाध्यक्ष रामचंद्र सिंह, तहसील अध्यक्ष सहसवान राजेश, ब्लॉक अध्यक्ष उझानी देवराज, तहसील प्रभारी राजपाल, रामदास, ब्लॉक अध्यक्ष दहगवां हरी सिंह, धूम सिंह, राकेश सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat