Breaking News

बैंक हटाने पर भड़के किसान, अब महिलाएं संभालेंगी मोर्चा

Spread the love

‘बैंक नहीं तो वोट नहीं’ के नारों के बीच पंचायत, 18 मई को आरएम ऑफिस घेरने का ऐलान

संवाददाता : गोविंद देवल

बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव रियो नाई में स्टेट बैंक शाखा स्थानांतरण के विरोध में चल रहा आंदोलन अब और तेज हो गया है। भारतीय किसान यूनियन की पंचायत में किसानों ने साफ चेतावनी दी कि यदि बैंक शाखा हटाई गई तो आंदोलन उग्र होगा। पंचायत में ऐलान किया गया कि 16 मई से धरने की कमान महिलाएं संभालेंगी। किसानों ने “बैंक नहीं तो वोट नहीं” के नारे लगाए।

शुक्रवार को बिल्सी तहसील परिसर में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त किसान नेता स्वर्गीय महेंद्र सिंह टिकैत की 15वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस दौरान किसानों व पदाधिकारियों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद आयोजित पंचायत में बैंक स्थानांतरण का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा।

किसानों ने तहसीलदार को उप जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि रियो नाई और निजामपुर स्थित स्टेट बैंक शाखाओं को स्थानांतरित किए जाने के विरोध में पहले भी कई बार प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।

18 मई को बदायूं में होगा प्रदर्शन

पंचायत में निर्णय लिया गया कि सोमवार 18 मई को भारतीय किसान यूनियन द्वारा बदायूं स्थित आरएम ऑफिस पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। किसानों ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष समेत संगठन के कई बड़े नेता इसमें शामिल होंगे। सभी किसान अपने वाहनों से सुबह 11 बजे आरटीओ ऑफिस पहुंचेंगे और वहां से एकजुट होकर नवादा स्थित आरएम ऑफिस तक कूच करेंगे।

किसानों ने प्रशासन से टकराव की स्थिति न बनने देने की अपील करते हुए कहा कि यदि बैंक प्रबंधन शाखा स्थानांतरण पर अड़ा रहा तो ग्रामीण भी आंदोलन जारी रखेंगे।

महिलाओं ने संभाली आंदोलन की कमान

पंचायत में यह भी घोषणा की गई कि 16 मई से धरने की जिम्मेदारी सहसवान तहसील अध्यक्ष अलका यादव के नेतृत्व में महिलाओं के हाथ में होगी। महिलाओं ने कहा कि गांव में किसी भी तरह का “सरकारी ठेका” नहीं चलने दिया जाएगा और पहले गांव से शराब का ठेका हटाया जाए।

पंचायत में बिल्सी तहसील क्षेत्र के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। अंत में किसानों ने “जय जवान, जय किसान” के नारों के साथ आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

युवाओं के मुद्दों को लेकर किसान संगठनों ने किया प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

Spread the loveलखनऊ/आजमगढ़। संसद मार्च के दौरान युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सोशलिस्ट किसान …

error: Content is protected !!